तुझे महामानव बना डाला!
-मंजुल भारद्वाज
तुमने मानव होते हुए कहा
शिक्षित बनो
उन्होंने निरक्षता की चादर ओढ़ ली
बस तुम्हें महामानव बना डाला
तुमने मानव होते हुए कहा
संगठित हो
उन्होंने विघटन को चुना
पर तुम्हें महामानव बना डाला
तुमने मानव होते हुए कहा
संघर्ष करो
उन्होंने सत्ता के टुकड़ों को
अपना मुक्कदर बना डाला
तुमने बुद्ध को मुक्ति का द्वार माना
उन्होंने आडम्बरों को स्वीकार किया
पर तुम्हें महामानव बना डाला
पूरे भारत को समता और समानता
आज़ादी,न्याय और सार्वभौमिकता का
संविधान देने वाले हे सिद्ध पुरुष
उन्होंने तुम्हें सिर्फ़ एक जाति का बना डाला
हे जन्म के संयोग को चुनौती देने वाले योद्धा
उन्होंने जन्म को नियति बना डाला
तुमने देशवासियों को देश का मालिक बनाया था
उन्होंने देश को लाल,पीला,नीला
हरा,भगवा भक्तों की भीड़ बना डाला
कौन तुम्हारी तरह संघर्ष करे
अधिकारों को पाने के लिए
कर्तव्यों का निर्वाह करे
इसलिए उन्होंने तुम्हारा बुत बना
तुम्हें भगवान बना डाला!
.....
#अम्बेडकर #मंजुलभारद्वाज
No comments:
Post a Comment